फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: कैंसर मरीजों को मिलेगा उपचार, दस बेड की बनेगी यूनिट

Thu, 26 Feb 2026 02:07 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पडरौना। जिले में कैंसर से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत की खबर है। मेडिकल कॉलेज में 10 बेड की कैंसर केयर यूनिट खुलने जा रही है। विशेषज्ञ डॉक्टर व स्टाफ की तैनाती की जाएगी। यह यूनिट 24 घंटे सक्रिय रहेगी। मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल पर इसके लिए स्थान चयनित किया गया है। सीएमओ की ओर से विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज परिसर में कैंसर रोगियों के लिए अलग से 10 बेड का विशेष वार्ड तैयार किया जाएगा। इस वार्ड में मरीजों की जांच, उपचार, दवा वितरण, निगरानी और परामर्श की समुचित व्यवस्था रहेगी। आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी योजना बनाई जा रही है, ताकि प्रारंभिक स्तर पर ही मरीजों की पहचान और उपचार संभव हो सके।कैंसर केयर यूनिट में कैंसर के मरीजों को प्राथमिक उपचार, कीमोथरेपी भी की जाएगी। इमरजेंसी वार्ड भी बनाया जाएगा।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर को मेंटर बनाया गया है। कैंसर मरीजों के इलाज में दिक्कत आने पर टेली मेडिसिन की मदद ली जाएगी। सीएमओ ने बताया कि कैंसर मरीजों को कीमोथरेपी के लिए 15 या 20 दिन पर बुलाया जाता है। अधिक दूरी होने के कारण मरीजों का आने-जाने में परेशानी होती है। इसलिए स्थानीय स्तर पर इलाज होगा।
विज्ञापन

-
जिले में एक भी कैंसर विशेषज्ञ नहीं

वर्तमान में जिले में एक भी कैंसर रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। यही कारण है कि कैंसर के मरीजों को उपचार के लिए दिल्ली, लखनऊ वाराणसी, गोरखपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बेहद कठिन साबित होता है। इलाज के साथ-साथ यात्रा, ठहरने और दवाओं का खर्च अलग से उठाना पड़ता है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही विशेषज्ञ डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध होगा, कैंसर केयर यूनिट तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी जाएगी।
-

मरीजों को समय पर मिलेगा उपचार

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। यदि स्थानीय स्तर पर उपचार सुविधा उपलब्ध हो जाती है तो मरीजों को समय पर जांच और इलाज मिल सकेगा। इससे बीमारी की गंभीरता कम करने और मृत्यु दर घटाने में मदद मिलेगी। कैंसर केयर यूनिट की स्थापना को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

-

कैंसर केयर यूनिट की प्रमुख विशेषताएं

-10 बेड का अलग समर्पित वार्ड, कैंसर मरीजों के लिए विशेष उपचार सुविधा, विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती प्रस्तावित, शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया में है।
वर्जन
मेडिकल कॉलेज में कैंसर केयर यूनिट बनाई जानी है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों व कर्मचारियों की तैनाती के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। - डॉ. चंद्रप्रकाश, सीएमओ कुशीनगर
विज्ञापन

-
मेडिकल कॉलेज में दस बेड की कैंसर केयर यूनिट स्थापित की जानी है। इसके लिए सीएमओ को पत्र भेजकर
विशेषज्ञ चिकित्सकों व प्रशिक्षित कर्मचारियों की डिमांड की गई है। -डॉ. सुभाष गुप्ता, कार्यवाहक प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज कुशीनगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें