कुशीनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पटहेरवा थाना क्षेत्र के नारायणपुर कोठी गांव में सोमवार की रात एक सराफा व्यवसायी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव दुकान में पड़ा था। सुबह इस घटना की जानकारी हुई। घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग पहुंच गए। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
बताया जा रहा है कि सोना चांदी का कारोबार करने वाले जयराम वर्मा (50) पुत्र राम वर्मा निवासी रामगुलाम टोला जनपद देवरिया के रहने वाले थे। नारायणपुर कोठी में सात वर्षों से सोना चांदी का व्यवसाय करते थे।
मंगलवार की सुबह पास पड़ोस के दुकानदारों ने अपना दुकान जैसे ही खोला उनका दुकान बाहर से बंद पड़ा हुआ पाया गया। पड़ोसियों ने जैसे ही दुकान का शटर उठाकर देखें दुकान के अंदर उनकी खून से लथपथ लाश पड़ी थी।
पटहेरवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर हत्या के बारे में जानकारी जुटा रही है। क्षेत्रीय पूर्व विधायक गंगा सिंह कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे थे।