तमकुहीराज हाईवे पर पलटा जेसीबी।स्रोत-सोशल मीडिया
कुशीनगर। तमकुहीराज कस्बे में हाईवे पर बुधवार शाम कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के स्वागत में खड़ा बुलडोजर ट्रक की टक्कर से पलट गया। इस हादसे में बुलडोजर पर खड़े होकर पुष्प वर्षा कर रहे सात कार्यकर्ता घायल हो गए। देर शाम एक घायल सेवरही थाना क्षेत्र के परसा उर्फ सिरिसिया निवासी शंभू निषाद (45) की गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का कुशीनगर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और ट्रक चालक को पकड़कर पीट दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे को खाली कराकर आवागमन शुरू कराया। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का काफिला बुधवार को तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक आरक्षण व न्याय पदयात्रा के लिए पहुंचा। कस्बे में हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप कार्यकर्ताओं की भीड़ मौजूद रही। पटहेरवा की ओर से मंत्री का काफिला पहुंचा तब उत्साहित पार्टी कार्यकर्ता पेट्रोल पंप के समीप बने अस्थाई क्रॉसिंग के पास बुलडोजर पर चढ़कर कैबिनेट मंत्री के ऊपर फूलों की वर्षा करने लगे। इसी दौरान उधर से गुजरे एक ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी, जिससे बुलडोजर अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। इसमें शंभू निषाद के अलावा तमकुही कस्बा निवासी अखिलेश (26), सिकंदर (27) व गोलू (20) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं। हादसे से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसे पीटने लगे। उधर, मंत्री के काफिले में चल रहे एंबुलेंस से घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा गया पर हालत गंभीर होने के कारण शंभू निषाद को गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सीओ राकेश प्रताप सिंह ने बताया के काफिले में मौजूद कुछ कार्यकर्ता बुलडोजर पर चढ़कर अपने नेता पर पुष्प वर्षा कर रहे थे। उधर से गुजर रहे एक ट्रक के टकराने से बुलडोजर पलट गया और कार्यकर्ता घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे को खाली कराकर आवागमन शुरू कराया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।