बगही धाम के लिए मिले 67.75 लाख रुपये
- पर्यटन स्थली के रूप में विकसित किया जाएगा यह धाम
- क्षेत्रीय विधायक की ओर से इसके लिए किया जा रहा प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के बगही धाम को पर्यटन स्थली के रूप में विकसित करने के लिए जीर्णोद्घार कराया जाएगा। इसके लिए 67.75 लाख रुपये शासन की ओर से स्वीकृत कर लिए गए हैं। इसकी प्रथम किस्त जारी कर दी गई है।
बगही धाम को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित कराने के लिए क्षेत्र के लोगों की मांग पर क्षेत्रीय विधायक जटाशंकर त्रिपाठी की तरफ से प्रयास शुरू किया गया था। वह अप्रैल 2019 में कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड की टीम के साथ पहुंचकर खाका तैयार कराए थे। उसके लिए यूपीसीएल ने 142.09 लाख रुपये का आगणन तैयार कर भेजा था। तभी से इस दिशा में प्रक्रिया शुरू हो गई थी। पर्यटन निदेशक ने पत्र के माध्यम से बगही धाम में आगंतुकों की मूलभूत सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित कार्यों को कराया जाना श्रेष्ठकर बताते हुए प्रेषित आगणन 142.09 लाख रुपये के सापेक्ष प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति की संस्तुति की थी। उत्तर प्रदेश शासन के विषेश सचिव ने महानिदेशक पर्यटन को छह दिसंबर को पत्र जारी कर बगही धाम के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2021-22 में 67 लाख 75 हजार रुपये की स्वीकृति देने और कार्य के साथ ही प्रथम किस्त के रूप में 10 लाख रुपए अवमुक्त किए जाने की जानकारी दी है। क्षेत्रीय विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने इसकी जानकारी दी।
मंदिर पर विधायक का हुआ स्वागत
नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के बगही धाम के जीर्णोद्घार एवं पर्यटन विकास के लिए धन अवमुक्त कराए जाने पर विधायक बगहीं धाम पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी। मंदिर के पीठाधीश्वर विश्वंभर दास ने विधायक को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अंजनी शुक्ला, रोहन गुप्ता, संतोष सिंह, आशुतोष पांडेय, रवि तिवारी, हरिगोविंद रौनियार, प्रदीप मिश्र, बैजू मिश्र, मनोज कुशवाहा, दुर्गा सिंह, अजय मिश्र, विरेंद्र तिवारी आदि मौजूद थे।