गंडक नदी में नाव पलटी, एक व्यक्ति की मौत, छह लोग बचाए गए
तमकुहीरोड (कुशीनगर)। बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण जिले के अल्पहा गांव के पास बुधवार की दोपहर में गंडक नदी में छोटी नाव पलट गई। नाव पर कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह को बचा लिया गया। जबकि बिहार प्रांत के पखनहा बाजार निवासी अजीज मियां की मौत हो गई। सूचना मिलने पर रिश्तेदार पहुंचे और शव लेकर गांव चले गए।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के विरवट कोन्हवलिया गांव के सामने से छोटी नाव पर सवार होकर सात लोग गंडक नदी पार करके बिहार प्रांत की तरफ जा रहे थे। पश्चिमी चंपारण जिले के अल्पहा गांव के पास नदी में नाव पलट गई। नाव में सवार सभी सात लोग डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर बालू खनन कर रहे मजदूर नदी में कूद पड़े। मजदूरों ने डूब रहे सुरेश यादव व गोवर्धन कुशवाहा सहित छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के पखनहा बाजार निवासी अजीज मियां (50) की डूबने से मौत हो गई। कुछ देर बाद नदी से उनका शव बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि अजीज मियां मंगलवार को तरयासुजान थाना क्षेत्र के जवहीं नरेन्द्र गांव में अपने रिश्तेदार गयासुद्दीन के यहां शादी में शामिल होने आए थे। बुधवार की दोपहर में इसी नाव से वापस अपने गांव जा रहे थे। नाव दुर्घटना में अजीज मियां की मौत की खबर सुनकर उनके रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और शव लेकर लौट गए।
इस संबंध में तरयासुजान एसओ धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि नदी में नाव पलटने की सूचना पर पुलिस पहुंची तो घटनास्थल पर कोई मौजूद नहीं था। लोगों ने बताया कि घटनास्थल बिहार प्रांत में है। नदी में डूबने से जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह भी बिहार का रहने वाला था। बचाए गए लोगों के विषय में भी कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई।