चाचा पर दुष्कर्म का आरोप, तहरीर दी
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। थाना क्षेत्र की एक किशोरी अपने चाचा पर दुष्कर्म का आरोप लगाई है। उसके पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
किशोरी के पिता का आरोप है कि उनके सगे भाई ने पत्नी की बीमारी का बहाना बनाकर मंगलवार को भोजन बनाने के लिए बेटी को घर में बुलाया। वहां कोई नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसे होश आया तो उसे यह बात किसी से न बताने की धमकी दी। बेटी ने यह बात घर आकर परिजनों को बताई तो वे सन्न रह गए। बुधवार को उन्होंने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसओ अखिलेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता सहित परिजनों को बुलाया गया है।
00000
छेड़छाड़ और पिटाई के आरोप में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
रगड़गंज। पटहेरवा थाना क्षेत्र की कक्षा सात की एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ और शिकायत करने पर पिटाई के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी एवं उसके भाई पर मुकदमा दर्ज किया है।
कक्षा सात की एक छात्रा फाजिलनगर के एक निजी विद्यालय में पढ़ती है। आरोप है कि विद्यालय जाते-आते समय गांव का एक युवक छेड़छाड़ करता था। इस वजह से छात्रा ने विद्यालय जाना बंद कर दिया। इसके बाद भी वह उसके घर जाकर परेशान करता था। इसकी शिकायत करने पर छात्रा के पिता की आरोपी और उसके भाई ने पिटाई कर दी। इस मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी और उसके भाई पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पटहेरवा थाने के एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया है कि मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।