नेबुआ रायगंज निवासी मृतक पति पत्नी की मौत के बाद जुटी भीड़।स्रोत-सोशल मीडिया
खड्डा-पडरौना मार्ग पर लक्ष्मीपुर के पास हुआ हादसा, ओवरटेक के दौरान टकराई बाइक
पडरौना/मंसाछापर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के खड्डा-पडरौना मार्ग पर लक्ष्मीपुर के पास शनिवार की शाम ओवरटेक के दौरान दो बाइक आपस में टकरा गईं। सड़क पर गिरे बाइक सवारों को पीछे से तेज गति से आ रही चार पहिया गाड़ी कुचलते हुए निकल गई। एक बाइक पर सवार दंपती की मौके पर मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने एंबुलेंस से घायलों को कोटवा सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डाक्टर ने मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन व गांव के लोग भी पहुंच गए।
नेबुआ रायगंज गांव निवासी बृजेश (34) पुत्र रामानंद अपनी पत्नी प्रियंका देवी (27) के साथ बाइक से नौरंगिया किसी काम से गए थे। काम निपटाने के बाद पत्नी के साथ घर लौट रहे थे। करीब चार बजे वह लक्ष्मीपुर में एफसीआई गोदाम के समीप पहुंचे थे कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नारायण भड़सर गांव निवासी विनय (22), सतेंद्र (20) और चिनकू (21) एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरटेक करने के दौरान दोनों बाइक आपस में टकरा गईं और अनियंत्रित होकर सवार सड़क पर गिर गए। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रही चार पहिया गाड़ी दोनों बाइक सवारों को कुचलते हुए निकल गई।
बाइक सवार बृजेश और उनकी पत्नी प्रियंका देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी व स्थानीय पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। नेबुआ नौरंगिया थानाध्यक्ष चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। भाग निकले वाहन और चालक की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।