तमकुहीरोड। तमकुहीरोड-पिपराघाट मार्ग पर राजपुर बगहा गांव के सामने शुक्रवार रात्रि करीब साढ़े नौ बजे ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हाे गई। जबकि दूसरे युवक का हाथ फ्रैक्चर हो गया। इस बीच मौके का फायदा उठाकर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
ग्राम रामपुर बाबू, थाना कुचायकोट जिला गोपालगंज बिहार का निवासी महावीर पासवान (25) पुत्र नरेश पासवान अपने ससुराल सेवरही थाना क्षेत्र के जंगली पट्टी गांव आया था। शुक्रवार को वह अपने रिश्तेदार के लड़के रामू पासवान (18) पुत्र मनिराज पासवान के साथ तमकुहीरोड बाजार में किसी काम से गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों बाइक से लौट रहे थे। अभी वे राजपुर बगहा गांव के सामने पहुंचे तो उसी समय दो ट्राॅली लगा एक ट्रैक्टर सामने आ गया। बाइक सवार उसे टकरा गए। इससे महावीर बुरी तरह घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट लगीं, जबकि रामू का हाथ फ्रैक्चर हो गया।
आवाज सुनकर गांव वाले एकत्र हो गए और इसकी सूचना सेवरही पुलिस को देकर जख्मी युवक को सेवरही सीएचसी भिजवाया। इस बीच पिपराघाट पुलिस चौकी इंचार्ज आकाश सिंह और घायल युवक के परिजन भी पहुंच गए। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए सीएचसी के चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर के लिए रेफर कर दिया।