दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के तिलक पट्टी और मठिया माफी के सिवान पर शनिवार दोपहर करीब एक बजे पुरानी रंजिश में किशोर पर 20 से अधिक युवकों ने चाकू से हमला दिया। किशोर की कमर और सीने में चाकू लगा है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज कुशीनगर और वहां से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस बाइक सवार युवकों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
तिलक पट्टी निवासी नागेंद्र यादव (17) पुत्र बंधु यादव शनिवार दोपहर गांव के बाहर शैंपू खरीदने पैदल जा रहा था। करीब 10 बाइकों पर सवार होकर पहुंचे 20 से अधिक युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले मारपीट की और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिया। नागेंद्र की कमर में तीन और सीने में एक चाकू लगा। वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर राग गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नागेंद्र यादव को सीएचसी दुदही पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया गया। वहां से भी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि हमलावर बैकुंठपुर कोठी गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि दो वर्ष पुराने मारपीट के विवाद को लेकर यह वारदात हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।