पडरौना। उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित आल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन दो मैच हुए। पहला मैच भोपाल की टीम ने जबलपुर से तो दूसरा सीवान की टीम ने नेपाल से जीता।
पहले मैच की शुरूआत मुख्य अतिथि दीपचंद अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद हुई।
भोपाल और जबलपुर की टीमें एक-दूसरे पर गोल की बढ़त बनाने के लिए पहले और दूसरे हाफ में जूझती रहीं, लेकिन कोई गोल नहीं कर सका।
दोनों के बीच कांटे की टक्कर के बाद निर्णायक मंडल ने टाईब्रेकर का सहारा लिया, जिसमें भोपाल की टीम विजयी हुई। दूसरे मैच का उद्घाटन कांग्रेस नेता राजू जायसवाल ने किया।
यह मुकाबला आरके स्टील सीवान और नेपाल की टीम में हुआ। इस मैच में आरके स्टील सीवान की टीम 8-1 के शानदार अंतर से विजेता घोषित की गई।
इस अवसर पर स्वयंसेवी संगठन के उमेशचंद श्रीवास्तव, टाउन क्लब पडरौना के अध्यक्ष एसएन शुक्ला, अहमद कमाल खां, आबिद अली, प्रमोद शर्मा, प्रशांत बोस, अजय सिंह, प्रदीप वर्मा, शमशेर मल्ल, अजय लोहिया, पंकज सहित कई लोग मौजूद थे।