तमकुहीराज। नगर व आसपास सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश के लिए कान्हा गोशाला बनेगी। वार्ड नंबर 10 भगतसिंह नगर में शनिवार को भूमि पूजन किया गया। शासन ने इसके लिए 1.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है और पहली किस्त के रूप में 82 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं।
नगर पंचायत तमकुहीराज के वार्ड नं. दस (भगतसिंह नगर) में गोशाला के लिए प्रस्तावित एक एकड़ जमीन में शनिवार को विधि-विधान से भूमि का पूजन क्षेत्रीय विधायक डॉ. असीम कुमार और एसडीएम तमकुहीराज विकास चंद ने किया। गोशाला में पांच सौ गोवंश रखे जा सकेंगे।
इसमें चारा गोदाम, पांच सौ गोवंश के लिए शेड, चारागाह, वेटनरी क्लीनिक, भूसा शेड, कर्मचारी के लिए आवास, नाली निर्माण कार्य, टुल्लू पंप, स्नानागर, बायोगैस प्लांट और चारों ओर बाउंड्री जैसी व्यवस्थाएं होंगी।
विधायक डॉ. असीम कुमार व चेयरमैन जेपी गुप्ता ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए कटिबद्ध हैं। नगर सहित क्षेत्र के निर्बाध विकास के लिए प्रयास जारी है।