खो-खो के चारों वर्गों में जीत दर्ज कर कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में छह और टीम मुकाबलों में पांच स्वर्ण पदक जीते
गोडरिया। गौरी श्रीराम स्थित खेल मैदान में बुधवार को आयोजित न्याय पंचायत स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। धर्मपुर पर्वत न्याय पंचायत के कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में छह और टीम प्रतियोगिताओं में पांच स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
आयोजित प्रतियोगिता में भगवानपुर के खिलाड़ियों ने जूनियर बालक-बालिका और प्राथमिक बालक-बालिका वर्ग की खो-खो स्पर्धाओं में सभी मुकाबले जीतकर क्लीन स्वीप किया। जूनियर बालिका वर्ग की कबड्डी में भी भगवानपुर की छात्राओं ने बाजी मारी। विद्यालय के छह खिलाड़ियों ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की दौड़ स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, जूनियर बालक वर्ग की कबड्डी और प्राथमिक स्तर के बालक-बालिका वर्ग की कबड्डी में इंदरपट्टी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
जूनियर स्तर की 100 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग में सोनी, 200 मीटर में बालक वर्ग के इरशाद और बालिका वर्ग की शाहिना, 400 मीटर में बालक वर्ग के अजित और बालिका वर्ग की अंजली तथा 600 मीटर में बालक वर्ग के सत्यम सिंह और बालिका वर्ग की सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक स्तर की 50 मीटर दौड़ में बालक वर्ग के नरेश और बालिका वर्ग की अर्चना, 100 मीटर में राकेश निषाद और अर्चना, 200 मीटर में फिरोज और नेहा तथा 400 मीटर में आकाश चौहान और नेहा ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का संचालन ब्लॉक व्यायाम शिक्षक अमित श्रीवास्तव ने किया।
इस दौरान नोडल बालकृष्ण, ओपी सिंह, नन्हे प्रसाद, राजेश सिंह, अभिषेक चौबे, मुकेश यादव, रजनीश गुप्ता, रवि आर्य, योगेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।