फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंकों में उमड़ी भीड़, फार्म के लिए मारामारी

Thu, 10 Nov 2016 11:39 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला कुशीनगर
विज्ञापन
भीड़ उमड़ पड़ी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 एक हजार और पांच सौ रुपये के नोट पर प्रतिबंध के बाद बृहस्पतिवार को बैंक खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर व्यक्ति अपने पास रखे एक हजार और पांच सौ रुपये के नोट जल्दी से जल्दी जमा करने की कोशिश में था। हालत यह रही कि भीड़ के वजह से काफी लोग बैंकों के बाहर भी खड़े रहे। कुछ देर बाद नोट बदलने के लिए मिल रहे फार्म खत्म हो गया तो उसे फोटो स्टेट कर बेंचा जाने लगा। शांति व्यवस्था के लिए सभी बैंकों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। एसपी भारत सिंह ने प्रमुख बैंकों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
विज्ञापन

पडरौना नगर में भारतीय स्टेट बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा के साथ-साथ अन्य शाखाओं के अलावा एक्सिस बैंक, इंडिया बैंक, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, ओरिएंटल बैंक ऑफ कामर्स, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, महाराष्ट्र बैंक, पूर्वांचल बैंक और प्रधान डाकघर सहित अन्य बैंकों और डाकघरों में पांच सौ एवं एक हजार रुपये के नोट बदलने को लेकर होड़ लगी रही। बैंक खुलने के पहले से ही लोग वहां पहुंच गए थे। भीड़ के मद्देनजर रुपये जमा करने के लिए अलग काउंटर भी बनाए गए थे। कोई ग्राहक अपने खाते में रुपये जमा करने के लिए परेशान था तो कोई पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट बदलने के लिए। नतीजतन कुछ ही देर में इसके लिए निर्धारित किए गए फार्म खत्म हो गए। इसका फायदा बैंक के बाहर फोटोकॉपी करने वाले दुकानदारों और अन्य विक्रेताओं ने भी खूब उठाया। बैंक से लिए गए फार्म की फोटोकॉपी कर तीन-तीन रुपये में बेचा। 
बैंकों में पांच सौ और दो हजार रुपये के नए नोट तो नहीं मिले, लेकिन कतार में खड़े लोगों को बैंकों की तरफ से 10, 20, 50 और 100 रुपये की गड्डियां और रुपये दिए। भारतीय स्टेट बैंक और एक्सिस बैंक ने रुपये भी बदले। दोपहर तक रुपये देने के बाद कई बैंकों ने काउंटर बंद कर दिया। इस दरम्यान शांति और सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। एसपी भारत सिंह ने प्रमुख बैंकों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
विज्ञापन

कसया, हाटा, कप्तानगंज, कुबेरस्थान, तमकुहीराज, रामकोला, दुदही, फाजिलनगर, लक्ष्मीगंज, तमकुहीरोड सहित अन्य प्रमुख बाजारों और कस्बों में स्थित बैंकों की शाखाओं में भी रुपये जमा करने और बदलने को लेकर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। पटहेरवा में ओवरब्रिज के निकट पीएनबी की शाखा में इतनी भीड़ थी कि ओवरब्रिज के सर्विसलेन तक भीड़ लगी रही।
बहन के ऑपरेशन के लिए भी नहीं निकाल सके रुपये
दुदही। क्षेत्र के दशहवा गांव के निवासी मनोज पटेल की बहन पूनम उम्र 25 वर्ष को हार्ट के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में 2.50 लाख रुपये जमा करने हैं। उनका इलाज पीजीआई में चल रहा है। डॉक्टरों ने 14 नवंबर की तारीख तय की है। मनोज इस रकम को वहां भेजने के लिए दुदही की पीएनबी शाखा में रुपये जमा करने आए थे। बैंक में भीड़ देखकर उनकी चिंता और बढ़ गई। उन्होंने बताया कि डेढ़ वर्ष से प्रयास के बाद ऑपरेशन के लिए समय मिला है। किसी ने सलाह दी थी कि यह रकम बैंक में जमा कर चेक ले लें और उसे अस्पताल के खाते में जमा कराकर ऑपरेशन करा लें, लेकिन भीड़ के कारण रुपये जमा नहीं हो पाए और कैश लेकर जाने पर अस्पताल लेगा नहीं। मनोज समझ नहीं पा रहे थे कि करें तो क्या करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें