शत-प्रतिशत मतदान के लिए निकाली जागरूकता रैली
पडरौना। शहर के हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर से शुक्रवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और चुनाव के दिन शत प्रतिशत मतदान करने के लिए जागरूक किया गया।
जागरूकता रैली को रवाना करते हुए एसडीएम कल्पना जायसवाल ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए शत-प्रतिशत मतदान जरूरी है, फिर चाहे वह लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा, निकाय और पंचायत चुनाव। इसलिए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराकर लोकतंत्र के उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
तहसीलदार सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि मतदान हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। लोकतांत्रिक देश में मतदान का विशेष महत्व है। इसका सदुपयोग हर नागरिक को करना चाहिए।
इसके बाद स्कूल परिसर से निकली मतदाता जागरूकता ने नगर भ्रमण किया। रैली में शामिल छात्रों और शिक्षकों ने विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और चुनाव में शत प्रतिशत मतदान करने के लिए जागरूक किया।
विद्यालय के प्रबंधक मनोज शर्मा और प्रधानाचार्य शैलेंद्र दत्त शुक्ल ने जनपद के प्रत्येक नागरिक से समय आने पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। इस दौरान चंद्रभान गुप्त, अकरम अली, अशोक वर्मा, मैनेजर कुशवाहा, हीरालाल वर्मा, सलाउद्दीन अंसारी, राकेश त्रिपाठी, अमित राव, प्रदीप मिश्र, अमन शर्मा आदि मौजूद थे।