उजारनाथ। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव दोघरा निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उसके पिता को रास्ते में घेरकर लोहे की रॉड से मारपीट कर घायल कर देने का आरोप लगाया है। इस मामले में घायल के पुत्र ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। घटना छह नवंबर की सुबह सात बजे की बताई जा रही है।
गांव निवासी विष्णु कुमार मिश्रा ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि छह नवंबर की सुबह सात बजे उसके पिता असेसर मिश्रा गांव के ही एक व्यक्ति के घर गए थे। घर लौटते समय पुलिया के पास उसके गांव के ही ललित मिश्रा उर्फ पैगम्बर ने हाथ में रॉड लिए एक खेत से निकला और उनके पिता असेसर मिश्रा पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही वह अचेत होकर गिर पड़े। उस समय शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से भागने लगा। आरोप है कि भागते समय आरोपी ने पिता की हत्या किए जाने की बात कही और यह भी धमकी दी कि अब उसकी बारी है। बाद में आरोपी ने उनके भाई को फोन कर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।