सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा संजय कुमार शुक्ल ने बीआरसी खेसरहा का किया निरीक्षण- संवाद
बांसी। सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा संजय कुमार शुक्ल ने बुधवार को बीआरसी खेसरहा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक निदेशक ने शैक्षिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं, कार्यालय अभिलेखों, प्रशिक्षण रिकॉर्ड, योजनाओं की प्रगति और विभागीय पत्राचार की गहन समीक्षा की। सुव्यवस्थित अभिलेख और कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
टीएलएम संकलन और निपुण भारत मिशन अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों और शिक्षक क्षमता विकास कार्यों की सराहना की। निरीक्षण क्रम में सहायक निदेशक ने प्राथमिक विद्यालय बेलवा लगुनुही का भी अवलोकन किया। विद्यालय में छात्र-छात्राएं निर्धारित ड्रेस में उपस्थित थे और पठन-पाठन सुचारु रूप से संचालित पाया गया। मिड डे मील योजना के अंतर्गत दूध वितरण की व्यवस्था भी मानकानुसार पाई गई। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार भी मौजूद रहे।