भारतभारी। संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के तहत शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा की ओर से ग्राम तिलगड़िया में माता बैठक आयोजित की गई। इसमें आशा कार्यकर्ता गायत्री देवी ने गर्भवतियों और माताओं को नियमित टीकाकरण और शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
आशा कार्यकर्ता ने बताया कि वीएचएनडी टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों का समय पर टीकाकरण कराना गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने माताओं को नवजात और बच्चों के टीकाकरण की निर्धारित समय-सारिणी की जानकारी दी।
बैठक में छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही उम्र के अनुसार लगाए जाने वाले टीकों और उनसे होने वाले रोगों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में माता व सामुदायिक बैठकों के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।