बड़हरा गांव में लगी आग को बुझाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
पिपरा बाजार। बड़हरा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर में भोजन बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर के रिसाव के कारण लगी आग में कुल 21 घर जल गए। गांववालों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना के काफी बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। आग में नकदी, अनाज, कपड़े, बर्तन आदि मिलाकर दस लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। राजस्व विभाग के अधिकारी गांव में पहुंचकर पीड़ितों के भोजनादि की व्यवस्था में जुटे थे।
गांववालों के मुताबिक बड़हरा गांव के पश्चिम टोला निवासी सीताराम के घर में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण आग लग गई और सिलेंडर फट गया।
फूस के घर से एकबारगी धू-धू कर लपटें उठने लगीं। पछुआ हवा के झोंकों की मदद से देखते ही देखते आग से आसपास के द्वारका, जाशर, विनोद, रामप्रसाद, नंदकिशोर, अंबिका, महारानी, रघुनाथ, शंकर, महेंद्र, रामाधार, परशुराम आदि 21 लोगों की गृहस्थी राख में बदल गई। गांव के लोगों ने 100 नंबर पर सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही खुद के प्रयासों से आग पर काबू पा लिया। दो घंटे विलंब से आग बुझाने पहुंची टीम पर गांव वालों ने खरी खोटी सुनाई। आग ने नंदकिशोर को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है।
उनकी बेटी का विवाह आगामी दो मई को तय है। अधिकांश तैयारी हो चुकी थी। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बर्तन और 50 हजार रुपए भी अगलगी की भेंट चढ़ गए। आग लगने की सूचना पर बड़हरा के लेखपाल और वीडीओ गांव पहुंचे। शाम को पडरौना के तहसीलदार मनोज कुमार तिवारी भी पहुंचे और पीड़ितों की सहायता के लिये आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।