पडरौना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कुशीनगर में आयोजित चुनावी सभा में एक तरफ जहां कांग्रेस, सपा और बसपा पर खूब तंज कसे, वहीं उत्तर प्रदेश के लिए अपने प्रमुख एजेंडों के जरिए हर वर्ग को अपने पाले में खींचने की भरपूर कोशिश की। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी खूब विदेश जाते थे, लेकिन कोई जानता ही नहीं था। वह बोलते थे तो मां-बेटा ही सुनते थे। पहली बार भाजपा ने देश को बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया, जो विदेशों में भी हिंदी में भाषण देते हैं।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार अमित शाह ने सबसे पहले खड्डा के किसान इंटरमीडिएट कॉलेज में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में पाताल से लेकर आकाश तक घोटाले हुए। पाताल में कोयला घोटाला, जमीन पर टेलीफोन घोटाला, आकाश में विमान घोटाला और समुद्र में पनडुब्बी घोटाला हुआ। मुख्यमंत्री अखिलेश और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल पर भी जुबानी तीर छोड़ते हुए अमित शाह ने कहा कि एक ने देश लूटा तो दूसरे ने प्रदेश। अब दोनों मिलकर लूटेंगे। सपा जाति-धर्म पूछकर लोगों को नौकरी देती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कहते हैं कि हमने प्रदेश में काम किया है तो कत्ल, रेप, डकैती, अपहरण आदि घटनाओं में प्रदेश नंबर वन हो गया है। उन्होंने उपस्थित भीड़ से वादा लिया कि प्रति व्यक्ति अपने मोबाइल से तीस लोगों को फोन करके कहे कि भाजपा को वोट दें।
उन्होंने लोगों से वादा करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार आने पर पूरे प्रदेश में स्लाटर हाउस पूर्णतया बंद कर दिया जाएगा। किसानों का कर्ज माफ होगा, बिना ब्याज के कृषि लोन, मुफ्त शिक्षा, सत्तर लाख लोगों को रोजगार, बिना भेदभाव के लैपटॉप सहित कई तोहफे दिए जाएंगे। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक की चर्चा कर खूब तालियां बटोरीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में ही कुशीनगर जिले में एक लाख सत्रह हजार गैस कनेक्शन और जरूरतमंदों को शौचालय दिया, जो कांग्रेस ने 60 वर्षों के कार्यकाल में नहीं किया था।
कसया प्रतिनिधि के अनुसार कुशीनगर के लीलावती देवी स्टेडियम में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश की तकदीर बदलने का चुनाव है। प्रदेश में लगातार 15 वर्षों से सपा और बसपा की सरकार ने बंटाधार कर दिया है। आवन-जावन की राजनीति ने प्रदेश को पिछड़ा बना दिया है। व्यक्ति और प्रदेश दोनों के लिए समय मूल्यवान होता है, लेकिन प्रदेश की सपा सरकार इनको दरकिनार कर अपने विकास में जुटी रही। कुशीनगर में अपने करीब 30 मिनट के भाषण में उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमला बोला। कहा कि जिस सरकार में किसानों को पानी, गन्ने का भुगतान, व्यापारी, माताएं, बहनें सुरक्षित नहीं और न ही थाने में रिपोर्ट दर्ज की जा रही हो, उसे प्रदेश में रहने का अधिकार नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश कहते हैं कि मेरा काम बोलता है।
लेकिन प्रदेश में हत्या, बलात्कार की घटनाएं प्रदेश को शर्मसार कर रही हैं। उन्होंने बुलंदशहर में हाइवे पर मां-बेटी के साथ हुई वारदात का भी जिक्र किया। प्रदेश में चुनाव की शुरूआत होने से अब तक 13 व्यापारियों की हत्या हो चुकी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी आंख पर इटालियन चश्मे की वजह से सरहद पर गोली चलने में पहले और आज में फर्क दिखाई नहीं देता है। पहले पाकिस्तान शुरू और अंत दोनों करता था, लेकिन अब नरेंद्र मोदी की भाजपा सरकार गोली का जवाब गोला से दे रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारतीय सेना ने पाक की सरजमीं में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक कर देश ही नहीं विश्व स्तर पर नाम रोशन किया है। केंद्र सरकार की तरफ से संचालित कल्याणकारी योजनाओं जैसे फसल बीमा योजना को लागू नहीं किया गया। इसके चलते 22 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश के किसानों को उस योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह चाचा-भतीजा के बीच कमीशन की रकम आड़े आ रही थी। सभा के दौरान सांसद राजेश पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही, विधायक विजय दुबे, रजनीकांत मणि त्रिपाठी, जटाशंकर त्रिपाठी, पूर्व विधायक दीपलाल भारती, मारकंडेय शाही, विजय लक्ष्मी मिश्रा सहित प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।