फाजिलनगर। कस्बे में सड़क, नाली, मछली मंडी, नौका बिहार समेत विभिन्न विकास कार्य और पथ प्रकाश के काम कराए जाने के लिए शासन ने स्वीकृति दी है। यह सभी विकास कार्य सीएम नगर सृजन योजना के तहत कराए जाएंगे। इन पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होंगे।
कस्बे की कॉलेज रोड और उससे जुड़े मोहल्ले की सड़क और नाली समय पर मरम्मत के अभाव में पूरी तरह जर्जर हो गई है। प्रमुख मार्ग होने से इस सड़क पर लोगों का आवागमन देर रात तक होता है। सड़क बदहाल होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होने के साथ हर दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है।
रास्ते में बने गड्ढों में हल्की सी बारिश होने पर पानी भर जाता था। यही नहीं सड़क किनारे बनी नालियां भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे आसपास के घर से निकला गंदा पानी सड़क पर ही पसरा रहता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए कस्बा के लोग कई बार नगर पंचायत से सड़क और नाली निर्माण की मांग कर चुके थे। नगर पंचायत चेयरमैन पहल की।
चेयरमैन शत्रुमर्दन शाही ने बताया कि कॉलेज रोड कस्बा का प्रमुख मार्ग है। इसकी प्रमुखता को देखते हुए सड़क और उसके किनारे नाली निर्माण के लिए नगर विकास मंत्री से मांग की गई थी।