पडरौना। गणतंत्र दिवस पर दिए जाने वाले पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्मश्री पुरस्कारों के लिए पात्र खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने शासन के निर्देशों के क्रम में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ऐसे व्यक्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दिया हो। इसी क्रम में जनपद कुशीनगर के ऐसे खिलाड़ी, जिन्होंने ओलंपिक, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं अथवा राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हों तथा खेल क्षेत्र में विशेष योगदान दिया हो, वे आवेदन कर सकते हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना पूर्ण बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो एवं खेल संबंधी व्यक्तित्व और कृतित्व का विस्तृत विवरण निर्धारित प्रारूप में चार प्रतियों में जमा करना होगा। आवेदन पत्र 28 मई 2027 को अपरान्ह 2 बजे तक कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। संवाद