संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना/ मंसाछापर। पश्चिमी चंपारण जिले के दहवा गांव में वारंट तामील कराने के दौरान हुए हमले के मामले में पशु तस्करों को पकड़ने में लापरवाही बरतने वाले धनहा एसओ महेंद्र कुमार को एसपी ने निलंबित कर दिया। डीआईजी हरकिशोर राय के निर्देश पर एसपी ने यह कार्रवाई की है। दो दिन पूर्व कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के घर नोटिस चस्पा कराया था।
कुशीनगर के कप्तानगंज की पुलिस दहवा गांव में पशु तस्कर के घर वारंट तामील करवाने गई थी। जहां तस्करों ने हमला कर दिया। पशु तस्करों ने रिवॉल्वर और मोबाइल भी लूट लिए थे। हालांकि वारदात के अगले दिन रिवाॅल्वर और मोबाइल बरामद हो गया था। वारदात के बाद छह नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया था।
आरोपी पशु तस्करों की गिरफ्तारी पुलिस नहीं कर पाई। पशु तस्करों की गिरफ्तारी के लिए बिहार और कुशीनगर के कई जगहों पर भी छापेमारी हुई, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सके। पशु तस्करों को पकड़ने के लिए एसपी ने स्पेशल टीम भी बनाई थी लेकिन वो भी असफल रही। दो दिनों पहले आरोपियों के दरवाजे पर नोटिस भी चिपकाया गया था, लेकिन उसके बाद भी पशु तस्कर पकड़ से बाहर है।
डीआईजी हरकिशोर राय के निर्देश पर एसपी ने धनहा एसओ महेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया है। एसपी ने बताया कि बड़ी वारदात के बाद पुलिस टीम पर हमला हुआ था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस घटना के बाद भी थानाध्यक्ष पर आरोप लगा कि उन्होंने संवेदनशील मामले में तत्परता नहीं दिखाई। विभागीय जांच और कार्रवाई में लापरवाही बरतने के कारण उन्हें निलंबित किया गया है। अंचल निरीक्षक धनहा अमित सिंह को नया एसओ बनाया गया है।