पटेरा बुजुर्ग गांव के सड़क पर जलभराव के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : KUSHINAGAR
क्षतिग्रस्त सड़क और जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
पटेरा बुजुर्ग गांव से सूरजनगर व पडरौना जाने वाली सड़कें बदहाल
पिपरा बाजार(कुशीनगर)। पटेरा बुजुर्ग गांव में सड़क क्षतिग्रस्त होने और जलभराव से आए दिन हो रही दुर्घटना एवं परेशानी से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इन लोगों ने समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि विशुनपुरा क्षेत्र के पटेरा बुजुर्ग गांव से सूरजनगर व पडरौना जाने वाली सड़कें करीब 20 साल पहले पीडब्ल्यूडी से बनी थीं। उसके बाद सड़कों की मरम्मत नहीं हुई। इस वजह से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कहीं-कहीं सड़कों पर जलभराव हो जाने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। अक्सर लोग पानी से भरे गड्ढे में गिरकर घायल हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई।
शुक्रवार को जितेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर क्षतिग्रस्त सड़क और जलभराव से निजात दिलाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में विनोद, पप्पू, सुरेश, बुधराम, राधाकिशुन, उमेश, धीरज, रुदल, शकील, राजेंद्र सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।