सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : KUSHINAGAR
घायल युवक के दम तोड़ने से नाराज लोगों ने लगाया जाम
समउर बाजार (कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र के बिहार खुर्द गांव में पट्टे की भूमि पर कब्जा करने को लेकर हुई मारपीट में घायल की मौत के बाद नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार को समउर बाजार तिराहे पर सड़क जाम कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाया बुझाया और जाम समाप्त कराया।
मंगलवार रात इस गांव में पट्टे की भूमि पर कब्जा करने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। इसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आयी थीं। वीरेश प्रसाद को सिर में गंभीर चोटें आने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां बृहस्पतिवार को दोपहर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम से शव शाम को घर आने पर लोगों ने समउर बाजार तिराहा पर सड़क जाम कर दिया। एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। मृतक की मां सुगनी देवी को एसओ ने आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।