फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: पिकअप चोरी पर कार्रवाई नहीं होने से फूटा गुस्सा, दंपती पानी की टंकी पर चढ़ा

Sun, 15 Feb 2026 02:57 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
बांसगांव जटवलिया में पानी टंकी से नीचे उतरते गुलमुह्द और शदरुन नेशा ।स्रोत-सोशल मीडिया
विज्ञापन
दुदही। पुलिस की सुस्ती और महीनों से लंबित पड़ी जांच के विरोध में शनिवार को विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बांसगांव टोला जटवलिया में एक दंपती ने ऐसा कदम उठाया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पिकअप चोरी के मामले में कार्रवाई न होने से आक्रोशित गुल मोहम्मद अंसारी उर्फ गुलटेनी और उनकी पत्नी शदरुन नेशा पानी की टंकी पर चढ़ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी तक नीचे नहीं उतरने की चेतावनी दे दी।
विज्ञापन


सुबह पांच बजे गुल मोहम्मद टंकी पर चढ़ गए। करीब 11 बजे उनकी पत्नी भी ऊपर पहुंच गईं। दोनों ने पुलिस पर लापरवाही और सबूत दबाने का आरोप लगाते हुए टंकी से कूदकर आत्महत्या की धमकी दी। नीचे खड़े परिजन और ग्रामीण भी भड़क उठे। दोपहर करीब 1:20 बजे ग्रामीणों ने दुदही–बरवा पट्टी मार्ग जाम कर दिया। करीब पौने दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। राहगीर परेशान रहे और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर रोष दिखाई दिया।

पीड़ित दंपती का कहना है कि 30 नवंबर 2025 को उनकी पिकअप चोरी हो गई थी। उसी दिन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बाद में नामजद तहरीर और सीसीटीवी फुटेज से भरी पेन ड्राइव पुलिस को सौंपी गई, लेकिन न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही वाहन बरामद हुआ। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज वाली पेन ड्राइव तक गायब कर दी।
विज्ञापन


ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो दंपती को जान जोखिम में डालने की नौबत नहीं आती। चार घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठते रहे। सूचना मिलने पर तमकुहीराज के नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा, थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा, लेखपाल धर्मेंद्र प्रजापति और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जैनुद्दीन अंसारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और वाहन बरामदगी का आश्वासन दिया। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे दंपती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि पूरे प्रकरण से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बांसगांव जटवलिया में पानी टंकी से नीचे उतरते गुलमुह्द और शदरुन नेशा ।स्रोत-सोशल मीडिया

बांसगांव जटवलिया में पानी टंकी से नीचे उतरते गुलमुह्द और शदरुन नेशा ।स्रोत-सोशल मीडिया

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें