कसया। कस्बे में रविवार रात थाना गेट के सामने चखना की दुकानों के पास मनबढ़ युवक ने दुकानदार से विवाद के बाद लोहे की सीक से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के सिर पर भी सीक से वार कर दिया। युवक की आंख के पास चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी आरोपी उलझ गया। दरोगा पर पत्थर से हमला करने की कोशिश की। उनकी वर्दी कई जगह से फट गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि रविवार रात एसआई सुमित कुमार हमराही पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान थाना गेट के सामने स्थित दुकानों के पास एक युवक के दुकानदारों से विवाद करने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चौरा खास थाना क्षेत्र धुनवलिया निवासी अजीत सिंह सड़क किनारे चखना की दुकान चलाने वाले शाहरुख के साथ मारपीट कर रहा था। उसके हाथ में लोहे की सीक थी। बताया गया कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे वार्ड नंबर 13 निवासी ऋषु मद्धेशिया पर भी आरोपी अजीत ने लोहे की सीक से वार कर दिया। ऋषु के सिर और आंख में चोटें आईं।
पुलिस टीम ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस के समझाने के बावजूद अजीत सिंह शांत नहीं हुआ और पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करते हुए हमलावर हो गया। उसने दरोगा पर लोहे की सीक से हमला करने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सीक छीन ली और आरोपी को थाने ले जाने लगे। रास्ते में आरोपी ने पुलिसकर्मियों से हाथ छुड़ाकर सड़क पर पड़ा पत्थर उठा लिया और एसआई सुमित कुमार के सिर पर हमला करने की कोशिश की। दरोगा ने हाथ से वार रोक लिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। हाथापाई के दौरान उनकी वर्दी फट गई। आरोपी ने हमराही पुलिसकर्मी आलोक सिंह के साथ भी हाथापाई की। घटना के बाद आसपास के लोग सहम गए। पुलिस ने आरोपी अजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एसआई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा, पुलिस के कार्य में बांधा हमला सहित मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध में एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि एसआई की तहरीर पर जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं के प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।