फाजिलनगर/पटहेरवा। नगर पंचायत फाजिलनगर में स्थित जिला पंचायत के दुकान विवाद में कर अधिकारी व राजस्व निरीक्षक की संयुक्त तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद व 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें व्यापार मंडल फाजिलनगर के महामंत्री और पूर्व अध्यक्ष शामिल है।
जिला पंचायत के कर अधिकारी अजय कुमार सिंह व राजस्व निरीक्षक शैलेंद्र त्रिपाठी ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया था कि कस्बे में स्थित जिला पंचायत की एक दुकान को विवाद के चलते 27 सितंबर को तालाबंदी कर जिला पंचायत ने अपने कब्जे में लिया था। 31 दिसंबर को शिकायत मिली कि उस दुकान का ताला तोड़ किसी के द्वारा कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। सूचना पर जब हम लोग वहां पहुंचे तो दुकान में रंजना देवी उनके पति पंकज चौरसिया सहित कुछ अन्य लोग दुकान के अंदर मिले।
दुकान में ताला तोड़कर घुसने के संबंध में पूछे जाने पर लोग उग्र हो गए और नारेबाजी करते हुए भीड़ बुलाने लगे स्थिति बिगड़ता देख पुलिस बुलानी पड़ी। करीब 50 लोगों की भीड़ एकत्र होकर धक्का मुक्की किया व सरकारी कार्य में बाधा डाला। कर अधिकारी का आरोप था कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और धक्का मुक्की करने वालों में मनोज श्रीवास्तव, व्यास सिंह, दिलीप जायसवाल, राधेश्याम मद्धेशिया, जनार्दन शर्मा शामिल रहे। अज्ञात करीब 50 लोगों की पहचान वीडियो फुटेज से की जा सकती है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रंजना देवी, पंकज चौरसिया, व्यापार मंडल फाजिलनगर के महामंत्री व्यास सिंह, पूर्व अध्यक्ष व्यापार मंडल मनोज श्रीवास्तव सहित सात नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।