मंसाछापर/दुदही। जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पिजवा स्थान और बिहार प्रांत के हिरासोती गांव में शुक्रवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे हिरासोती निवासी 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि एक महिला समेत तीन लोग झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पिजावा दुर्गा मंदिर के पास शुक्रवार की दोपहर बाद तेज आंधी और बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोग झुलस गए। बिजली की चपेट में आकर शांति देवी निवासी माघी मठियां, बैद्यनाथ गोड निवासी नंदलाल छपरा बृंदावन और शिवम जायसवाल निवासी खेसिया सहित एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
शांति देवी की हालत नाजुक है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर में भर्ती कराया गया है। हादसे के समय सभी लोग दुर्गा मंदिर के पास मौजूद थे। जो लोग मंदिर के अंदर शरण लिए थे वे सुरक्षित रहे, जबकि बाहर पेड़ के पास खड़े थे लोग बिजली की चपेट में आ गए।
लोगों ने गंभीर रूप से झुलसी शांति देवी को विशुनपुरा सीएचसी ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर देख डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। अन्य दोनों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशुनपुरा में चल रहा है।
वहीं बरवापट्टी थाना क्षेत्र के सटे गांव बिहार प्रांत के हिरासोती में शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे तेज आंधी तूफान में आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से हिरासोती गांव निवासी 55 वर्षीय जवाहर गद्दी गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार के लोग उन्हें दुदही सीएचसी ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संवाद