फाजिलनगर। कस्बा के पावानगर महावीर इंटर काॅलेज में प्रधानाचार्य और एक सहायक अध्यापक में गृह परीक्षा की चर्चा के दौरान विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर प्रधानाचार्य को अपने कक्ष में अंदर से फाटक बंद कर छिपना पड़ा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
शनिवार को शाम करीब पांच बजे प्रधानाचार्य डाॅ. अक्षवर पांडेय शिक्षकों के साथ बैठक कर वार्षिक गृह परीक्षा की तैयारी बैठक कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच विद्यालय के एक सहायक अध्यापक शिक्षक प्रधानाचार्य कक्ष में पहुंचे। इस दौरान प्रधानाचार्य ने कहा कि आपकी काफी शिकायतें मिले रही हैं, जिससे विद्यालय सहित शिक्षक की गरिमा धूमिल हो रही है। इसमें आपको सुधार करना चाहिए। यह बात शिक्षक को नागवार लगी। आरोप है कि वह प्रधानाचार्य को अपशब्द बोलने लगे।
प्रधानाचार्य ने जब शिक्षक को विद्यालय से जाने के लिए कहा तो प्रधानाचार्य कक्ष के बहार दरवाजे पर खड़े होकर गाली देने के साथ बाहर निकलकर मारने-पीटने की धमकी दी। बीच-बचाव करने आए शिक्षकों की भी न सुनी। आरोप है कि शिक्षक ने एक रिश्तेदार और कुछ साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद बैठक प्रधानाचार्य बैठक स्थगित कर अपने कक्ष में जाकर बैठ गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। प्रधानाचार्य की सूचना पर पहुंची पुलिस शिक्षक को शांत कराया और प्रधानाचार्य को घर भेज दिया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ कुछ लोगों ने शिकायत की थी, उसके संबंध में उन्होंने संबंधित शिक्षक को समझाने का प्रयास किया। इसी बात पर वे उग्र होकर अपशब्द बोलने लगे।
सहायक अध्यापक अतुल त्रिपाठी का कहना है कि विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे से सारी सच्चाई पता चल जाएगी। हम भी तहरीर के माध्यम से अपनी बात पुलिस के समक्ष रखेंगे। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मामले को शांत करा दिया गया है। प्रधानाचार्य ने शिक्षक और उनके एक सहयोगी के खिलाफ तहरीर दी है।