कार्यक्रम में उपस्थित नगर विकास व ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, सांसद विजय कुमार दूबे व अन्य। संवाद
मथौली। नवसृजित नगर निकायों में विकास का द्वार खुला है। पिछले तीन सालों में खूब विकास कार्य हुए हैं और निकाय क्षेत्रों ने नया आकार लिया है। नगरीय क्षेत्रों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना सरकार का उद्देश्य है। बृहस्पतिवार को नगर पंचायत मथौली के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के अवसर पर नगर विकास मंत्री व ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने यह बातें कहीं। इस दौरान नगरीय क्षेत्रों की 105 करोड़ की 25 परियोजनाओं का फीता काटकर लोकार्पण किया।
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधा मुहैया कराना प्राथमिकता है। प्रदेश के जो भी नवसृजित निकाय क्षेत्र हैं। वहां पर भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इससे विकास को गति मिलेगा और कार्य करने में कर्मचारियों को सहूलियत होगी। जब से मैं नगर विकास मंत्री का पदभार ग्रहण किया हूं, तब से साढ़े तीन प्रतिशत टैक्स की वृद्धि हुई है। मथौली नगर पंचायत के अलावा जिले के अन्य निकाय क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मथौली नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ में तालाब और मिनी स्टेडियम समेत अन्य विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव आया है जिसका जल्द ही धन मुहैया करा दिया जाएगा। चेड़ा माता और सिंघासनी माता मंदिर को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए भी कहा। बाकी नगर पंचायत के अध्यक्षों ने भी अपना मांग पत्र दिया।
इस दौरान मंत्री व सांसद विजय दुबे समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने सीता फल का पौधा रोपण किया। विधायक विवेकानंद पांडेय, हाटा विधायक मोहन मोहन वर्मा, रामकोला विधायक विनय प्रताप गोड़, कुशीनगर पीएन पाठक, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राजेश्वर सिंह, पडरौना चेयरमैन विनय जायसवाल, चंद्रप्रकाश चमन, संजय सिंह, चेयरमैन नवरंग सिंह, रामबचन सिंह, रमानंद सिंह आदि मौजूद रहे।