कसया तहसील सभागार में जनसुनवाई करते ऊर्जा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी डाॅ. रामचन्द्र शर्मा।संव
कसया। तहसील सभागार में बृहस्पतिवार को ऊर्जा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी डॉ. रामचंद्र शर्मा ने समीक्षा बैठक की। जिसमें आठ शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसपर विशेष कार्याधिकारी ने समीक्षा के दौरान नाराजगी जाहिर करते हुए कसया एक्सईएन को तत्काल एसडीओ और अभियंताओं को मौके पर जाकर निस्तारित करने का निर्देश दिया। बैठक में एक शिकायतकर्ता द्वारा गलत बिल आने के संबंध में एसडीओ और जेई को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी। दोपहर करीब 12 बजे विशेष कार्याधिकारी ने बैठक के दौरान एक-एक कर अवर अभियंताओं से पूछा की उनके क्षेत्र में कितने विद्युत उपभोक्ता हैं। बिल और बकाया की स्थिति क्या है इसकी जानकारी ली। कसया एसडीओ चंदन कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक मेरे वहां 32000 उपभोक्ता में 12000 उपभोक्ता ऐसे हैं जो आज तक किसी प्रकार का भुगतान नहीं किए है।
वहीं सभी अवर अभियंता ने 45 फीसदी बिजली बिल का भुगतान बकाया बताया। इस पर उन्होंने उनको क्षेत्र में जाकर बिल से संबंधित शिकायतों को दूर करने का निर्देश दिया। वही बुद्ध नगरी निवासी प्रियेश गौड़ ने शिकायत किया कि विद्युत बिल गलत आ रहा था जिसके वजह से बिल जमा नहीं हो पा रहा है। विभाग की ओर से कनेक्शन काट दिया गया है। जिसपर उन्होंने एसडीओ अशोक कुमार और जेई रवि कुशवाहा को तत्काल मौके पर भेजकर जांच कर रिपोर्ट मांगा। रामकोला रोड निवासी आशा देवी ने गलत बिल आने की शिकायत की। भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ कुशीनगर रत्नेश श्रीवास्तव ने नगर के विश्वकर्मा मंदिर के समीप जर्जर पोल और तार की शिकायत से अवगत करवाया और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। ओएसडी ने कहा कि बिजली का बिल उपभोक्ताओं के वहां बकाया है और निगम घाटे में जा रहा है। इसे सुचारू रूप से चलाने के लिए वित्त मंत्रालय से पैसा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने यूपीपीसीएल ऐप के बारे में विस्तार से बताया और निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को मोबाइल में यूपीपीसीएल ऐप डाउनलोड कराया जाए। इस दौरान एसडीओ चंदन कुमार सिंह, एसडीओ अशोक कुमार, जेई अभिषेक चौहान, प्रसून श्रीवास्तव, रविप्रकाश आदि मौजूद रहे।