उजारनाथ। भेलया शिव मंदिर परिसर में चंद्रौटा के कुछ लोग ने भूमिधरी पर फर्जीवाड़ा कर कागज में नाम दर्ज कराने का आरोप लगाया। इसके विरोध में सोमवार को तीसरे दिन लोग आमरण अनशन पर बैठे रहे। एक दिन पूर्व मौके पर पहुंचे तमकुहीराज एसडीएम ने कहा कि मामला कोर्ट में लंबित है।
अनशन खत्म कर दो नहीं तो रात को पुलिस आएगी और उठा ले जाएगी। एसडीएम के इस बात से पीड़ित लोग आहत हैं। उनका कहना है कि जेल जाना मंजूर है, लेकिन न्याय नहीं मिलने तक अनशन जारी रहेगा। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के चंद्रौटा निवासी विष्णुपति तिवारी, दिनेशपति तिवारी, ईश्वरचंद, सर्वेश तिवारी, देवानंद पांडेय ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति चकबंदी अधिकारियों से मिलकर भूमिधरी की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। इसके लिए चकबंदी अधिकारी और तहसील कर्मचारियों से न्याय की गुहार लगाई। लेकिन, कोई सुनवाई नहीं होने पर वे लोग भेलया गांव के शिव मंदिर परिसर में तीसरे दिन सोमवार को भी अनशन पर बैठे हुए हैं। जबकि, मुख्यमंत्री, कमिश्नर के अलावा डीएम को भी मांग पत्र सौंपा गया है। अनशन पर बैठे लोगों का कहना है कि एसडीएम ही जब इस मामले में ऐसी बात कर रहे हैं तो न्याय की उम्मीद किससे की जाए।
बिना पैमाइश कराए उक्त व्यक्ति जमीन पर कब्जा कर लिया और तहसील प्रशासन की मिलीभगत से निर्माण कार्य करा रहा है। पैमाइश कराने के बाद निर्माण कार्य करें तो कोई विरोध नहीं है, लेकिन तहसील प्रशासन की एकतरफा रवैया अपना रहा है।