पडरौना। तमकुहीराज तहसील में तैनात नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा के अभद्र व्यवहार से नाराज अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को उनके न्यायालय के बहिष्कार का एलान कर दिया। बार संघ की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर न केवल उनके कोर्ट का बहिष्कार करने और उनकी तबादले की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया। हालांकि अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया है कि एसडीएम समेत अन्य न्यायालयों में न्यायिक कार्य पूर्ववत जारी रहेगा।
बताया जाता है कि बुधवार दोपहर नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा न्यायालय में एक अधिवक्ता की ओर से फाइल मांगने पर उनके मुंशी ने फाइल उपलब्ध करा दी। आरोप है कि इस पर नायब तहसीलदार ने संबंधित अधिवक्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कोर्ट कक्ष में ही नायब तहसीलदार को करीब डेढ़ घंटे तक घेराव कर बंधक बनाए रखा और धरने पर बैठ गए। स्थिति तनावपूर्ण होती देख एसडीएम आकांक्षा मिश्र पहुंचीं। उनके समझाने-बुझाने और जांच के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। इस प्रकरण से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बार संघ तमकुहीराज के अध्यक्ष अशोक राय और महामंत्री अमरनाथ सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सदस्यों ने नायब तहसीलदार के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए उनके न्यायालय के बहिष्कार का निर्णय लिया। साथ ही तबादले तक विरोध जारी रखने की रणनीति बनाई गई। बैठक में रामेश्वर गुप्ता, एचएन सिंह, अनिल राय, अशोक पांडेय, मारकंडे वर्मा, दीपक पांडेय, अजय राय, मतिउल्लाह, सुनील कुमार, दीपक राय, रबिश पटेल, चंद्रशेखर आर्या, राजनारायण पांडेय समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।