पांच आरा मशीनों को प्रशासन ने उखड़वाया
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया (कुशीनगर)। प्रशासनिक अधिकारियों और वन विभाग की टीम ने शनिवार को अवैध आरा मशीन संचालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान पांच आरा मशीनों को उखड़वाकर विभाग को भेजा गया है। इस कार्रवाई से आरा मशीन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
शनिवार दोपहर बाद टेकुआटार, सिधावें और हेतिमपुर भैंसहा में चल रही आरा मशीनों पर नायब तहसीलदार आशीष गुप्ता ने वन विभाग के क्षेत्राधिकारी और वन दरोगा की टीम के साथ छापा मारा। मौके पर अवैध रूप से संचालित टेकुआटार में तीन, सिधावे में एक और हेतिमपुर भैंसहा में एक आरा मशीन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की गई है। हालांकि आरा मशीन संचालक पहले ही वहां से हट गए थे।
नायब तहसीलदार ने बताया कि अधिकांश आरा मशीनें बंद मिलीं और मौके पर संचालक भी नहीं मिले। बिना लाइसेंस के चल रही आरा मशीनों को चिह्नित कर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दुबे, राजेश कुशवाहा, बीके यादव, नितेंद्र कुमार, वन दरोगा सत्येंद्र यादव, बीके सिंह, रमेश गुप्ता, ओमप्रकाश शाही, नूर आलम आदि मौजूद रहे।