रामकोला। कस्बा स्थित सीएचसी का रविवार को दोपहर में एडी हेल्थ गोरखपुर ने निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को एप्रन पहनने का निर्देश देते हुए चेताया कि बिना एप्रन के अस्पताल आने वाले स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
रामकोला सीएससी पर दोपहर करीब 12:30 बजे पहुंचे एडी स्वास्थ्य गोरखपुर डॉ. जयंत कुमार सबसे पहले पल्स पोलियो अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए सीएचसी में बने केंद्र पर अब तक दिए पोलियो ड्राप की जानकारी ली। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि केंद्र पर अब तक 70 बच्चों को पोलियो ड्राप पिला दिया गया है।
इसके बाद उन्होंने फ्रीजर में रखी दवाइयाें की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने चेताया कि किसी तरह की बरती गई लापरवाही गंभीरता से लिया जाएगा। इसलिए सभी स्वास्थ्य कर्मी दिए गए निर्देशों का शतप्रतिशत पालन करें। इस दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एपी गुप्ता, चीफ फार्मासिस्ट आरबी चौहान आदि मौजूद रहे।