अचानक बिगड़ा मौसम, बारिश के साथ गिरे ओले
तापमान लुढ़ककर दस डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
पडरौना। बुधवार को अपराह्न करीब तीन बजे के बाद अचानक मौसम बिगड़ गया। कई क्षेत्रों में अचानक बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। कई जगह बर्फ की चादर बिछ गई है। तापमान भी लुढ़ककर दस डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ओले की वजह से फसलों को भी नुकसान हुआ है।
पिछले कुछ दिनों से कभी शीतलहर तो कभी धूप हो रही है। दोपहर बाद काले घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ देर बार बूंदाबांदी शुरू हो गई। देर शाम तक बूंदाबांदी होती रही। इसके चलते बाहर निकले लोग जल्दी घर जाते दिखे। बारिश के बाद नगर की सड़कों पर कीचड़ पसर गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
उजारनाथ प्रतिनिधि के अनुसार दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई। इसके बाद कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि शुरू हो गई है। इससे सरसों, मटर और आलू की फसल को नुकसान पहुंचा है। सपही बुजुर्ग, देवरिया वृत, बेनीभार, तार विशुनपुर, जवार भैंसहा, करमैनी टोला, रामकोलाचट्टी आदि गांवों में बारिश के साथ ओले भी पड़े हैं। कई जगह खेतों, छतों और दरवाजों पर बर्फ की चादर सी बिछ गई। चंद्रौटा निवासी किसान शैलेंद्र तिवारी ने कहा कि ओले गिरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। भेलया निवासी संतोष मणि ने बताया कि ओला गिरने से आलू की फसल को काफी नुकसान होगा। किसान धुरूप खरवार, एकलाख अंसारी, जावेद अंसारी, रफीक अली, अरविंद राय, अनिल राय, महेश प्रसाद, विनय श्रीवास्तव, इंद्रजीत, मुस्तफा, झुन्नू राय, रमेश खरवार आदि किसानों ने भी ओला गिरने से फसलों के नुकसान की बात कही है।
गुरवलिया बाजार प्रतिनिधि के अनुसार दोपहर बाद सोंदिया बुजुर्ग, किशुनदेवपट्टी, लवकुश, बेलवा, सपहां, गांगीटीकर, भलुही, तिरमासाहुन, नोनियापट्टी, गुरवलिया, बरवा राजापाकड़, पकड़ी गोसाई, सपही टड़वा, धर्मपुर, विजयपुर आदि गांवों में ओलावृष्टि और तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई है। इससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र के पौहारी सिंह, रामेश्वर सिंह, प्रभुनाथ सिंह, हरिगोविंद सिंह, देवेंद्र पांडेय, पंकज पांडेय, रामअवध ओझा, भरदुल यादव, छेदी राय, भुआल गोंड आदि ने कहा कि खेतों में पानी भर जाने से सब्जी की फसलों के सड़ने की आशंका है।
‘गेहूं, सरसों और गन्ने को नहीं पहुंचेगा नुकसान’
जिला कृषि अधिकारी प्यारेलाल ने बताया कि इस बारिश से गेहूं, सरसों और गन्ने की फसलों को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। जिले के कुछ हिस्सों में ओले पड़े हैं। इससे टमाटर, मटर, गोभी समेत अन्य सब्जियों की फसलों को नुकसान हो सकता है।
एक-दो दिन में मौसम साफ होने के आसार
सेवरही के सरगटिया स्थित कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि मौसम विभाग की तरफ से पूर्व में ही बारिश होने की संभावना जताई गई थी। एक-दो दिन में मौसम साफ होने के आसार हैं।