तमकुहीराज। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को बिहार निवासी एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। आरोपी युवक किशोरी के पिता की दुकान पर अक्सर ग्राहक बन कर आता था। इसी दौरान किशोरी से नजदीकी बढ़ा परिजनों की गैर मौजूदगी में किशोरी को लेकर गायब हो गया। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर किशोरी की खोजबीन में जुट गई है। पुलिस आरोपी युवक के तलाश में उसके बिहार स्थित पैतृक घर पहुंची तो परिजन घर में ताला बंद कर गायब मिले।
बावजूद इसके पुलिस टीम आरोपी युवक व किशोरी की तलाश में सक्रिय है। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति गांव स्थित बाजार में दुकान चलाता है। इस दुकान पर ग्राहक बनकर बिहार के देउरवा चेरो टोला निवासी अंकित उर्फ़ मोटू आता-जाता रहता था। इसी दौरान पीड़ित की बेटी (13) को चुपके सें मोबाइल फ़ोन खरीद कर दे दिया और विभिन्न नंबरों से किशोरी से बातचीत करने लगा। दो अक्टूबर को घर पर अकेली मौजूद थी। परिवार के अन्य सदस्य किसी कारणवश घर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान बिहार निवासी आरोपी युवक पीड़ित के घर पहुंचा और किशोरी को बहला-फुसला कर भगा ले गया। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर मंगलवार को तमकुहीराज पुलिस मुकदमा दर्ज कर किशोरी को सकुशल बरामद करने के प्रयास में जुट गई है। थानाध्यक्ष तमकुहीराज सुनील कुमार वर्मा ने बताया तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।