दुदही। ढाई साल से चल रहे जमीन विवाद में कोई कार्रवाई नहीं होने से तंग आकर विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव गौरी श्रीराम निवासी युवक मंगलवार सुबह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। तमकुहीराज की एसडीएम आकांक्षा मिश्रा व विशनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया तब करीब तीन घंटे बाद वह नीचे उतरा।
गौरी श्रीराम निवासी रामभजन तिवारी मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दुदही टैक्सी स्टैंड स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। कुछ ही देर में इसकी सूचना फैल गई। बात एसडीएम आकांक्षा मिश्रा व विशनपुरा पुलिस तक भी पहुंची। इसपर एसडीएम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने रामभजन को टॉवर से उतरने की अपील की पर उसने न्याय नहीं मिलने का हवाला देते हुए इन्कार कर दिया। करीब तीन घंटे तक मान मनौव्वल और समझाने का दौर चला। आखिर कार करीब तीन घंटे की कोशिश के बाद न्याय मिलने के आश्वासन पर रामभजन माना और टॉवर से उतरा।
रामभजन का आरोप है कि बीते ढाई साल से जमीन संबंधी विवाद को सुलझाने के लिए दौड़-भाग कर रहा है, लेकिन कहीं से कोई राहत नहीं मिली। रामभजन की पत्नी सुलेखा देवी ने कहा कि उसका पति जब सऊदी अरब में नौकरी करने गया था, उस दौरान गांव के एक व्यक्ति ने दो डिस्मिल जमीन की जगह चार डिस्मिल जमीन धोखाधड़ी कर उससे रजिस्ट्री करा ली। जमीन की पूरी कीमत भी नहीं दी। विदेश से लौटने के बाद रामभजन ने इसको लेकर आपत्ति दर्ज कराई। रामभजन का आरोप है कि विपक्षी प्रभावशाली है, इसलिए उनपर कार्रवाई नहीं हो रही है। रामभजन का कहना है कि जिस जमीन की धोखाधड़ी से रजिस्ट्री करा ली गई है।
एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि यह मामला कोर्ट में चल रहा है। बैनामा निरस्तीकरण का वाद दाखिल है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी