तुर्कपट्टी। थानाक्षेत्र के बसडीला पांडेय चौराहे से कुरमौटा गांव जाने वाले मार्ग पर रविवार की शाम बाजार करके घर जा रही एक महिला की कान की बाली बाइक सवार बदमाशों ने छीन लिया। पीड़ित महिला के चेहरे पर कपड़ा फेंकने के बाद बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
तुर्कपट्टी थाना के गांव कुरमौटा की रहने वाली नीलम पांडेय पत्नी दीप नारायण पांडे किसी घरेलू कम से 19 अक्टूबर को बसडीला पांडेय बाजार आईं थीं। वह शाम को करीब छह बजे बाजार करके अपने घर वापस जा रही थीं। वह अभी बसडीला पांडेय मंदिर से अपने गांव के रास्ते पर मुड़ी ही थी कि पीछे से एक बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके बाल पकड़कर रोक लिया और चेहरे पर कपड़ा फेंककर मुंह ढक दिया।
जब तक अपनी बात राह चलते लोगों से बताती बदमाश उनके एक कान की बाली खींचकर चलते बने। महिला का कान का अगला हिस्सा काफी कट गया और वह खून से लहूलुहान हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे घर पहुंचाया। पीड़ित ने मंगलवार को तुर्कपट्टी थाना पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी एसओ प्रिंस कुमार ने बताया कि घटना मेरे संज्ञान में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।