जानकीनगर (कुशीनगर)। कसया थाना क्षेत्र के एक दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक दरोगा से कह रहा है कि आपने हमसे 50 हजार रुपये मांगे हैं, जबकि दरोगा कह रहा है कि हमको आपसे कुछ नहीं चाहिए। हमने आपसे कोई मांग नहीं की है। हालांकि इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
बहोरापुर के नौका टोला का निवासी युवक का आरोप है कि वह अपने खरदेवा गांव स्थित खेत से मिट्टी कटवा कर घर पर ही निजी कार्य के लिए गिरवा रहा था। इसका उसके पास पेपर भी था। उसी दौरान दरोगा वहां पहुंचे और उससे 50 हजार रुपये की डिमांड करने लगे। नहीं देने पर जेसीबी सीज करने की धमकी दी। वायरल वीडियो में दरोगा के साथ कुछ वर्दी पहने सिपाही भी दिख रहे हैं। इस संबध में कसया थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा ने कहा कि वीडियो फर्जी है।