पडरौना। जिला लेखा परीक्षा अधिकारी, सहकारी समिति और पंचायत कुशीनगर की तरफ से वर्ष 2023-24 की लेखा परीक्षा में जिले की 30 ग्राम पंचायतों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता मिली है। इसको गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सभी संबंधित गांव के ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी कर दो माह के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में स्पष्टीकरण नहीं मिला या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधित धनराशि भू-राजस्व की भांति वसूल की जाएगी। लेखा परीक्षा में 30 ग्राम पंचायत जैसे ग्राम प्रधान लोहरपटटी ब्लॉक दुदही, ग्राम प्रधान लखुआ लखुई, रामपुर गोनहा, बसडीला ब्लॉक खड्डा, ग्राम प्रधान सोहरौना, बिहुली निस्फी, सपहा, सुम्हाखोर, ग्राम प्रधान भडसर, गांगरानी, दलबहादुर छपरा, ग्राम प्रधान साखोपार ब्लॉक पडरौना शामिल हैं।
इसके अलावा ग्राम प्रधान विशुनपुरा, धनहां, जौरामनराखन, नोनिया पट्टी, कनौरा, परसा उर्फ सिरसिया, पिपराघाट एहतमाली, बभनौली, भुजौली, ग्राम प्रधान पुर्नहा बुजुर्ग, ग्राम प्रधान नगरी भी शामिल हैं। ग्राम प्रधान बभनौली, ग्राम प्रधान सिरसिया बुजुर्ग, बगही, धुरिया कोट, पखिहवा उर्फ कर्जहा ब्लॉक तमकुही आदि शामिल हैं। यहां 3,950 से लेकर 30,65,481 रुपये तक की अनियमितता मिली है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी ग्राम प्रधानों से प्राप्त स्पष्टीकरण का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।स