रामकोला। थाना क्षेत्र के पगार चिलवान गांव में मंगलवार रात शॉर्ट सर्किट से एक घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से घर में रखा कीमती सामान, कपड़े, बिस्तर, फर्नीचर समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय घर में मौजूद दो मासूम बच्चे बाहर खेल रहे थे और उनके माता-पिता भी घर के बाहर थे। इससे कोई जनहानि नहीं हुई।
गांव निवासी दिलीप प्रसाद के घर से मंगलवार रात अचानक धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। हालांकि, शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण घर में करंट फैलने की आशंका थी। इसके चलते ग्रामीणों ने घर के अंदर जाने से परहेज किया। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली निगम को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। बिजली कटने के बाद लोग घर के अंदर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। हादसे में परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर लेखपाल आशुतोष मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लेते हुए आग लगने की जानकारी ली। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से हुए नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।