फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: नंबर प्लेट बदलकर टैक्स चोरी करने वाले ट्रेलर मालिक और चालक पर प्राथमिकी

विज्ञापन
विज्ञापन
कुशीनगर/तरयासुजान। तरया सुजान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बालू लदे ट्रेलर को जिले की सीमा में प्रवेश कराने के मामले में चालक और वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सात अगस्त को फोरलेन हाईवे पर बहादुरपुर पुलिस चौकी के पास जांच के दौरान ट्रेलर पकड़ा गया था। जांच में ट्रेलर के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट मिले। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट जिला खान अधिकारी और एआरटीओ को भी भेजी है।
विज्ञापन


तरया सुजान थाना क्षेत्र के बहादुरपुर पुलिस चौकी के पास बिहार से जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए पुलिसकर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाती है। इसी क्रम में सात अगस्त को पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर बालू लदे एक ट्रेलर को रोककर कागजात की जांच शुरू की। जांच के दौरान ट्रेलर की नंबर प्लेट को लेकर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद टीम ने ई-चालान एप पर दर्ज विवरण का मिलान किया और वाहन का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान ट्रेलर के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगे मिले।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल आईएसटीपी (अंतरराज्यीय पारगमन पास) और अन्य टैक्सों की चोरी के लिए किए जाने की बात सामने आई है। नंबर प्लेट में अंतर मिलने के बाद पुलिस की पूछताछ में ट्रेलर चालक विशुनपुरा थाना क्षेत्र के जंगल लौठहा गांव निवासी संजय राय ने बताया कि कथित तौर पर गोपालगंज जिले के बलथरी निवासी वाहन मालिक संदीप शाही के कहने पर एक ही पास के आधार पर बालू लदे दो ट्रेलरों को बिहार सीमा से पार कराया जाता था। पुलिस ने बताया कि इसी फर्जीवाड़े के तहत ट्रेलर पर दूसरे वाहन का नंबर अंकित किया गया था। हालांकि, आगे का नंबर बदलने के बाद पीछे का नंबर बदलना रह गया। इससे ट्रेलर के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर दिखाई दिए और जांच टीम को संदेह हुआ। सत्यापन के बाद कथित फर्जीवाड़ा सामने आया।
विज्ञापन


- इस मामले में ट्रेलर चालक संजय राय और वाहन मालिक संदीप शाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फर्जी नंबर प्लेट, आईएसटीपी और टैक्स चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। मामले की रिपोर्ट जिला खान अधिकारी और एआरटीओ को भी भेजी गई है। पुलिस प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
विज्ञापन

जयंत कुमार यादव, सीओ तमकुहीराज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें