मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर से संचारी रोग नियंत्रण जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखकर र
पडरौना। सीएमओ कार्यालय से बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। लोगों को संचारी रोगों के लक्षण और बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने कहा कि संचारी रोग जानलेवा है। इससे बचाव के लिए लोगों को अपने घर के आसपास के स्थानों को स्वच्छ रखना होगा। सीएमओ ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य दिमागी बुखार, डेंगू, मलेरिया सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम करते हुए स्वच्छता के माध्यम से जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, नालियों की सफाई और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। मच्छरों के नियंत्रण के लिए लार्वीसाइड का छिड़काव एवं फॉगिंग कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 से 30 अप्रैल तक “दस्तक अभियान” संचालित किया जाएगा, जिसमें आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की जानकारी संकलित करेंगी और टीबी, कुपोषण एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर आवश्यक परामर्श देंगी। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।