सुकरौली। कस्बा तीतिला कुटी के पास हाटा विधायक की पहल पर पार्क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कस्बा के लोगों को योगा और व्यायाम करने में सहूलियत होने के साथ मोहल्ले के युवाओं और बच्चों को खेलने में सहुलियत होगी। इस निर्माण कार्य पर नगर पंचायत की तरफ से 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
तीतिला में चल रहे पार्क परिसर में चारो तरफ इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके बाद वहां लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाने के साथ पार्क की सुंदरता बढ़ाने के लिए चारों तरफ से कई प्रजाति के फूल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पार्क रात में भी गुलजार रहे इसके लिए हाईमाक्स लाइट लगाए जाएंगे। पार्क में लगे फूल पौधों और वहां लगाए गए उपकरणों की सुरक्षा के लिए चारो तरफ से बाउंड्रीवाल के साथ गेट भी बनाए जाएंगे। इस निर्माण कार्य पर 28 लाख रुपये खर्च होंगे।
हाटा विधायक मोहन वर्मा ने बताया कि कस्बा के लोगों की मांग थी की एक अच्छे सुविधाओं से लैस पार्क बनाई जाए। इसको गंभीरता से लेते हुए तितला गांव में पार्क निर्माण के लिए शासन स्तर से धन अवमुक्त करा दिया गया है। निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा कराकर उसका लोकापर्ण करा दिया जाएगा।