कसया। कस्बे के कुछ वार्डों में कई दिन विद्युत आपूर्ति ठप होने से नाराज लोग शनिवार की शाम हिंदू युवा वाहिनी के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा की अगुवाई में कस्बे के मुख्य मार्ग को जाम कर सड़क पर ही धरना देने बैठ गए। इन लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर नारे लगाए।
बिजली आपूर्ति नहीं होने से परेशान कसया कस्बे के कई वार्डों के बिजली उपभोक्ता और हियुवा के कार्यकर्ता शनिवार शाम पांच बजे कस्बे के मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इसके बाद सड़क पर ही धरना देने बैठ गए। धरना पर बैठे उपभोक्ताओं ने बताया कि कसया कस्बे के वार्ड संख्या तीन और छह में एक सप्ताह से बिजली सप्लाई ठप है। विभाग के लोगों से बार बार इसे बहाल करने के लिए कहा जाता रहा है, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी इन वार्डो में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। विवश होकर धरना और सड़क जाम का रास्ता अपनाना पड़ा है। इन लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग के उच्चाधिकारी चार दिनों से झूठा आश्वासन दे रहे थे। समाचार लिखे जाने तक विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। धरना जारी था। इस मौके पर संजय राव, रवि मद्धेशिया, शेषनाथ यादव, इंद्रजीत सिंह, जवाहर सोनकर सहित कई अन्य उपभोक्ता मौजूद थे।