कुशीनगर (ब्यूरो)। शनिवार की सुबह कठकुइयां रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का शव और घायल युवती के मिलने से सनसनी फैल गई। युवक को गला कसकर मारा गया था, जबकि युवती को धारदार हथियार से हमला किया गया था। बाद में गंभीर रूप से जख्मी युवती की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। मृत्यु से पहले दिए युवती के बयान के आधार पर उसके पिता पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।
शनिवार की सुबह तकरीबन छह बजे कठकुइयां रेलवे स्टेशन के पास ब्यूटी उर्फ शिवकुमारी (28 वर्ष) घायलावस्था में मिली। उससे तकरीबन 200 मीटर की दूरी पर युवक का शव पड़ा था। ब्यूटी की गर्दन पर प्रहार होने के कारण वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में युवती की मौत हो गई। जबकि युवक की पहचान नहीं हो पाई है। एसपी ललित कुमार सिंह ने बताया कि युवती बोल नहीं पा रही थी इसलिए वह लिखकर अपना बयान दी है। बयान पर युवती के पिता पर केस दर्ज किया गया है। कुबेरस्थान के एसओ के मुताबिक युवती ने लिखकर अपना नाम ब्यूटी उर्फ शिवकुमारी पत्नी नरेश सिंह निवासी समस्तीपुर बताया। ब्यूटी के अनुसार उसका पति दिल्ली में काम करता है। जिस युवक का शव मिला है, उसके साथ वह दिल्ली जा रही थी। लेकिन रास्ते में उसके पिता रामानंद सिंह दोनों को मारकर भाग गया।