दुदही। पीसीएफ गोदाम गौरी जगदीश में शुक्रवार को खाद चोरी करते हुए गांववालों ने एक चोर को पकड़ा। लेकिन पुलिस के पहुंचने के पहले ही चोर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने खाद को फिर से गोदाम में रखवा दिया और चली गई। बताया जाता है कि चोर गोदाम पर प्राइवेट कर्मी के रूप में काम करता है।
बांसगांव ग्रामसभा का पीसीएफ खाद गोदाम गौरी जगदीश गांव में बनाया गया है। समिति पर बतौर सचिव राममिलन यादव कार्यरत हैं। बताया जाता है कि श्री यादव अपनी सहायता के लिए कुछ प्राइवेट लोगों को रखे हुए हैं। शुक्रवार को वह एक प्राइवेट कर्मी को गोदाम की चाबी सौंपकर कहीं गये हुए थे। गांववालों ने बताया कि वहां पर कार्यरत एक प्राइवेट कर्मी गोदाम से खाद निकालकर बगल की एक झोपड़ी में रख रहा था। गांववालों को इसकी भनक लगी तो वे लोग चुपके से वहां पहुंचे। गांववालों के मुताबिक 11 बोरी खाद आरोपी निकाल चुका था तथा 12वीं बोरी लाने के लिए जैसे गया गांववालों ने उसे पकड़कर गोदाम में बंद कर दिया। गांववालों ने सेवरही पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन रोशनदान की तरफ से आरोपी फरार हो गया।
गांववालों ने बताया कि सेवरही के एक दरोगा गांव में पहुंचे और कार्रवाई के नाम पर खाद की 11 बोरियों को गोदाम में रखवा दिया। इस संबंध में सचिव राममिलन यादव का कहना है कि जो आरोपी है वह काम नहीं करता है। रात में चौकीदारी के लिए एक दूसरे व्यक्ति को रखा गया है। उन्होंने बताया कि वह बाहर हैं।