कसया। कसया थाना क्षेत्र के बरवां बाजार में शुक्रवार को हंगामा हो गया। बाजार स्थित एक दवाखाने पर पहुंचकर एक छात्रा ने कथित डाक्टर पर नशीली दवा खिलाकर बेहोश करने एवं वीडियो क्लिप बनाकर गलत कार्य करने का आरोप मढ़ते हुए हंगामा किया।
शुक्रवार को कसया थाना क्षेत्र के बरवा बाजार के पास स्थित एक गांव की कक्षा 11वीं की छात्रा ने दवाखाने पर आकर हंगामा शुरू कर दिया। छात्रा डाक्टर से शादी कराने की मांग पर अड़ गई। डाक्टर ने उसको मारना शुरू कर दिया। इसके बाद मौका देखकर खिसक गया।
बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलने पर थाने से दो सिपाही मौके पर पहुंचे और छात्रा से पूछताछ की। बताते चलें कि 9 नवंबर को इस छात्रा ने एसपी से मिलकर और डीजीपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। इस संबंध में एसओ कसया रमेश सिंह यादव का कहना है कि उन्होंने पीड़ित लड़की और उसके घरवालों को शनिवार की सुबह थाने पर बुलाया है। आरोप की जांच कर आवश्यक कार्रवाई होगी।