कुशीनगर। दीपावली की शाम को बरवापट्टी थानाक्षेत्र के गांव अमवा खास टोला दशहवा में लगी आग से एक दर्जन रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। अगलगी की इस घटना में लाखों रुपये मूल्य के आभूषण, बर्तन, कपड़े, अनाज आदि जलकर राख हो गए।
मंगलवार की शाम को अचानक शर्मा की झोपड़ी जलने लगी। जब तक गांव के लोग आग पर काबू पाने की कोशिश करते तब तक लपटों ने राजधारी, फूलचन, पानमती, बन्हू, श्यामबली, होशिला आदि की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। खबर पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी गांव पहुंची और आग बुझाई। मौके पर पहुंचे प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप तिवारी, कोटेदार नंदलाल भारती, सदस्य श्यामसुंदर जायसवाल आदि ने पीड़ितों के लिए भोजन आदि का प्रबंध कराया। इसके अलावा कोटेदार ने पीड़ित परिवारों को और राशन भी मुहैया कराया।
ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि ने बांटी राहत सामग्री
अमवा खास के टोला दशहवा में बुधवार को दुदही के ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने राहत सामग्री बांटी। प्रमुख प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। दशहवा पहुंचे ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि ने प्रत्येक पीड़ित परिवार को एक-एक कंबल और एक-एक साड़ी दिया। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख पति लल्लन गोंड, सर्वेश राय, मंसूर अंसारी, धर्मेंद्र राय, श्यामसुंदर जायसवाल आदि मौजूद थे।